विधायक को खोजो’ पोस्टर से नदीया में सनसनी
नदिया जिले के कृष्णगंज ब्लॉक में अचानक कई पोस्टरों को लेकर सनसनी फैल गई है। इलाके के विभिन्न हिस्सों में विधायक को खोजो शीर्षक वाले पोस्टर देखे गए। पोस्टरों में विधायक आशीष कुमार विश्वास की तस्वीर लगाकर लिखा गया है ईडी, सीबीआई, पुलिस विधायक को खोजो। झूठे और धप्पेबाज़। सौजन्य कृष्णगंज विधानसभा के नागरिक समाज। इन पोस्टरों को लेकर राजनीतिक घमासान शुरू हो गया है। आम लोगों के एक वर्ग ने इस घटना पर नाराज़गी जताई है। स्थानीय निवासी शंभुनाथ सरकार ने कहा कि विधायक एक अच्छे इंसान हैं और आम लोगों के बीच ही रहते हैं। उनका आरोप है कि इस तरह के पोस्टर लगाना गलत है और यह सत्तारूढ़ दल की साज़िश हो सकती है।आरोपों के बीच विधायक आशीष कुमार विश्वास ने सीधे तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधा। उनका कहना है कि तृणमूल कांग्रेस चुनाव से पहले योजनाबद्ध तरीके से दुष्प्रचार कर रही है। उन्होंने दावा किया कि उनके खिलाफ कोई भी भ्रष्टाचार का सबूत नहीं दे सकता और उन्होंने कभी किसी से एक पैसा भी नहीं लिया।विधायक निधि का पैसा विकास कार्यों में सही तरीके से खर्च किया गया है। उन्होंने बताया कि एक करोड़ रुपये से अधिक के कार्य स्वीकृत हो चुके हैं और जल्द ही काम शुरू होगा।उन्होंने यह भी कहा कि कृष्णगंज विधानसभा भाजपा का मजबूत गढ़ है और 2026 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के सत्ता में आने की संभावना को देखते हुए विरोधी भ्रम फैलाने के लिए ऐसे पोस्टर लगा रहे हैं। वहीं दूसरी ओर, तृणमूल युवा कांग्रेस के कृष्णगंज ब्लॉक अध्यक्ष शुभदीप सरकार ने पलटवार करते हुए कहा कि पोस्टर में लगाए गए आरोप पूरी तरह निराधार नहीं हैं। उनके अनुसार, विधायक को आम लोग शायद ही कभी देख पाते हैं और महत्वपूर्ण कार्यों में भी उनकी उपस्थिति नजर नहीं आती। इसलिए लोगों के गुस्से से ही यह घटना हुई है। हालांकि तृणमूल की ओर से पोस्टर लगाने के आरोपों को खारिज किया गया है। शुभदीप सरकार का कहना है कि तृणमूल कार्यकर्ता विकास कार्यों में व्यस्त हैं और विधायक को लेकर सोचने का उनके पास समय नहीं है। राजनीतिक बयानबाज़ी के बीच पोस्टर कांड को लेकर कृष्णगंज इलाके में हलचल बनी हुई है।
Raftaar Media | सच के साथ