दीपचंद्र दीक्षित ब्यूरो
फर्रुखाबाद फतेहगढ़। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के कुशल निर्देशन में जनपद फतेहगढ़ पुलिस ने आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग और उत्कृष्ट कार्यप्रणाली के बल पर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। माह जुलाई-2026 की सीसीटीएनएस (क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम्स) रैंकिंग में फतेहगढ़ पुलिस ने पूरे उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
यह उपलब्धि जनपद पुलिस द्वारा सीसीटीएनएस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन तथा तकनीकी संसाधनों के उत्कृष्ट उपयोग का परिणाम है। रैंकिंग में सीसीटीएनएस यूसेज, आईसीजेएस (इंटरऑपरेबल क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम) सर्च, विभिन्न पोर्टलों के प्रभावी उपयोग तथा एनएएफआईएस (नेशनल ऑटोमेटेड फिंगरप्रिंट आइडेंटिफिकेशन सिस्टम) यूसेज जैसे महत्वपूर्ण तकनीकी मानकों पर फतेहगढ़ पुलिस का प्रदर्शन प्रदेश में सर्वश्रेष्ठ रहा।
इस उपलब्धि पर पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने जनपद के सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता पूरी टीम की मेहनत, समर्पण और तकनीकी दक्षता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी आधुनिक तकनीक का अधिकतम उपयोग कर पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी तथा जनसुलभ बनाया जाएगा।
फतेहगढ़ पुलिस की यह उपलब्धि तकनीक आधारित पुलिसिंग को नई दिशा देने के साथ-साथ अन्य जनपदों के लिए भी प्रेरणादायक मानी जा रही है।