सौरभ राय/ रफ्तार मीडिया

रांची: राजधानी रांची में दुर्गा पूजा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। शहर की विभिन्न पूजा समितियों ने आयोजन की रूपरेखा तैयार करनी शुरू कर दी है। इसी क्रम में शहर की सबसे प्राचीन और पारंपरिक पूजा समितियों में शामिल हिनू बांग्ला पूजा कमिटी की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को हिनू बांग्ला मंडप परिसर में आयोजित की गई। बैठक में इस वर्ष आयोजित होने वाली दुर्गा पूजा की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई एवं मां दुर्गा की प्रतिमा और लाइटिंग को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

14 फीट होगी मां दुर्गा की प्रतिमा: पीढ़ी दर पीढ़ी किया जाता हैं मां की प्रतिमा का निर्माण

करीब 113 वर्षों से लगातार दुर्गा पूजा का आयोजन कर रही हिनू बांग्ला पूजा कमिटी इस वर्ष भी पूरे पारंपरिक एवं भव्य स्वरूप में मां दुर्गा की आराधना करेगी। हिनू बांग्ला मंडप कमिटी के सक्रिय सदस्य तुषार रंजन रॉय ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी मां दुर्गा की प्रतिमा का निर्माण मूर्तिकार जगदीश पॉल करेंगे। लगभग 14 फीट ऊंची प्रतिमा इस वर्ष श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र होगी। उन्होंने कहा कि जगदीश पॉल का परिवार पीढ़ी दर पीढ़ी हिनू बांग्ला पूजा कमिटी के लिए मां दुर्गा की प्रतिमा का निर्माण करता आ रहा है, जो इस पूजा की गौरवशाली परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

चंदननगर की लाईटिंग होगी आकर्षण का केंद्र

बैठक में पूजा के दौरान होने वाली आकर्षक विद्युत सज्जा पर भी विशेष चर्चा की गई। समिति ने निर्णय लिया कि इस वर्ष भी पश्चिम बंगाल के प्रसिद्ध चंदननगर से विशेष थीम आधारित आकर्षक लाइटिंग मंगाई जाएगी। बैठक में पूजा समिति के सदस्य सोमित्रों पाल, पार्थो गोस्वामी, तुषार रंजन रॉय, विनय गांगुली, पिनाकी मुखर्जी, पिंटू घोष, अंजन मुखर्जी, बाप्पा दा, बिस्वजीत घोष, समीर दास, भूलोक सरकार, अरिंदम जी एवं दीपांकर घोष सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।