संजय/रांची:टुपुदाना स्थित संतोष कॉलेज ऑफ टीचर्स ट्रेनिंग एंड एजुकेशन के आइक्यूएसी सेल‌ द्वारा एकदिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार का सफल आयोजन महाविद्यालय के एस. बी. प्रसाद ऑडिटोरियम में किया गया।
सेमिनार का विषय एंटरप्रेन्योरियल पाथवेज फॉर ट्राइब्स ऑफ इंडिया थ्रू डिजिटल हेल्थकेयर एंड क्लाइमेट रेज़िलिएंस था। मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर एवं विशिष्ठ अतिथि के रूप में रांची विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर धर्मेंद्र कुमार सिंह उपस्थित थे। इस अवसर पर तीन तकनीकी सत्र सहित उद्घाटन एवं  समापन सत्र  का आयोजन किया गया। मौके पर अतिथियों के द्वारा शोध सार पुस्तिका (सोवेनियर), जनजातीय लोकगीत पुस्तिका, त्रैमासिक पत्रिका ज्ञान पियूष‌‌ एवं जनजातीय खाद्य पुस्तिका का विमोचन किया गया। टेक्निकल सेशन में आमंत्रित वक्ता के रूप में डॉ. अंकित गर्ग (बाल एवं किशोर मनोचिकित्सक, लखनऊ), डॉ ऐश्वर्या (मनो चिकित्सक, वॉशिंगटन, यूएसए), प्रोफेसर कृति अभिषेक (बीआईटी मेसरा) एवं डॉ मनोहर कुमार दास (सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड) ने अपने विचार प्रस्तुत किए।
सेमिनार का उद्देश्य भारत की जनजातीय समुदायों के समग्र विकास के लिए डिजिटल हेल्थकेयर सेवाओं और जलवायु परिवर्तन के प्रति लचीलापन को बढ़ावा देते हुए नए उद्यमशील अवसरों पर विचार-विमर्श करना था। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ, शिक्षाविद, शोधकर्ता एवं छात्र-छात्राएं भाग लिया एवं शोध पत्र प्रस्तुत किए। डायरेक्टर एकेडमिक्स डॉ. आदिति ने विषय प्रवेश एवं स्वागत अभिभाषण दिया। इस अवसर पर विभिन्न महाविद्यालय के प्राचार्य, संकाय सदस्य एवं शोधार्थी  उपस्थित थे।