चंडीगढ़ । भारतीय T20 क्रिकेट टीम के बॉलर अर्शदीप आज देर शाम चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर पहुंच गए हैं। जहां से वह मोहाली के कस्बा खरड़ स्थित अपने घर पर जा रहे हैं। इसके लिए उनके घर पर स्वागत की पूरी तैयारी पहले ही कर ली गई थी। चंडीगढ़ एयरपोर्ट पहुंचते ही समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया।
पंजाब की कैबिनेट मंत्री अनमोल गगन मान की तरफ से एयरपोर्ट पर अर्शदीप सिंह का स्वागत किया गया है। यहां से उनके घर खरड़ तक विजयी मार्च निकला गया है। घर को भी फूल मालाओं के साथ सजाया गया है। घर पर सोसायटी के लोग ढोल नगाडों के साथ उनके स्वागत कर रहे है।
अर्शदीप सिंह की मां बलजीत कौर ने कहा कि जब इंडियन टीम ने विश्व कप जीता था तो मैं वहां मौके पर बैठी हुई थी और मेरी आंखों से खुशी के आंसू निकल पड़े थे। क्योंकि मेरा बेटा अर्शदीप भी उस टीम में खेल रहा था। वहीं उनके पिता दर्शन सिंह ने कहा की मुझे भारतीय टीम के वर्ल्ड कप जीतने पर दुगनी खुशी हो रही है। क्योंकि मैं एक क्रिकेटर एक पिता और एक भारतीय हूं। इसका मुझे गर्व है।