दिनबंधु राउत / जामताड़ा :जामताड़ा में हॉकी खेल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हॉकी जामताड़ा की ओर से डीएन हाई स्कूल में एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्कूली बच्चों के बीच हॉकी स्टिक, बॉल एवं शिन गार्ड का वितरण किया गया। यह खेल सामग्री हॉकी झारखंड के सहयोग से उपलब्ध कराई गई। कार्यक्रम के दौरान हॉकी जामताड़ा के महासचिव डॉ भास्कर चंद ने बच्चों को हॉकी खेल के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हॉकी न केवल शारीरिक फिटनेस बनाए रखने में सहायक है, बल्कि यह अनुशासन, टीमवर्क और आत्मविश्वास भी विकसित करता है। उन्होंने जामताड़ा जिले में हॉकी के विकास और खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला। इस मौके पर जामताड़ा हॉकी के अभिभावक एवं जामताड़ा जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष प्रदीप भैया ने बच्चों को खेल के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल के क्षेत्र में भी बेहतर करियर बनाया जा सकता है, बशर्ते खिलाड़ी मेहनत और समर्पण के साथ अभ्यास करें।कार्यक्रम में जिला हॉकी संघ के सक्रिय सदस्य सूरज कुमार पासवान, कोच सोमनाथ दत्त एवं विद्यालय के शिक्षकगण उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान अंडर-11 और अंडर-15 आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाओं की हॉकी टीम गठन को लेकर भी चर्चा की गई। अंत में सभी ने जामताड़ा में हॉकी के विकास के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।