रफ्तार संवाददाता/गिरिडीह: कोलियरी प्लस टू उच्च विद्यालय बनियाडीह में एक शानदार कार्यक्रम आयोजित कर सेवानिवृत प्रधानाध्यापक चंद्रमणि प्रसाद को भावभीनी विदाई दी गई। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों को बुके देकर एवं स्वागत गीत से हुआ। बच्चों ने एक से बढ़कर एक नृत्य एवं नाटक प्रस्तुत कर सबों का मन मोह लिया। विद्यालय परिवार की ओर से सेवानिवृत प्रधानाध्यापक चंद्रमणि प्रसाद को शॉल, अंगवस्त्र एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर झारखंड राज्य माध्यमिक शिक्षक संघ गिरिडीह के जिला संयोजक मुन्ना प्रसाद कुशवाहा, सचिव अख्तर अंसारी, उपाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष मिथुन राज, झारखंड माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष देवेंद्र कुमार सिंह, सर जेसी बोस गर्ल्स हाई स्कूल के पूर्व प्रधानाध्यापक देवेंद्र प्रसाद सिंह, मकतपुर उच्च विद्यालय के पूर्व प्रधानाध्यापक रामचंद्र प्रसाद गुप्ता, पचम्बा के प्रधानाध्यापक केशव कुमार एवं विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं, शिक्षिकेत्तर कर्मी, छात्र-छात्राएं एवं अन्य गणमान्य अतिथिगण उपस्थित थे।अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि बनियाडीह जैसे सुदूर क्षेत्र में जब श्री प्रसाद का पदस्थापन बतौर प्रधानाध्यापक के पद पर हुआ था उस समय विद्यालय खुद को उपेक्षित महसूस कर रहा था। विद्यालय में एक सौ विद्यार्थी का भी आना मुश्किल था और कार्यप्रणाली पूरी तरह से चरमराई हुई थी।  उस विषम परिस्थिति में श्री प्रसाद ने अपनी प्रशासनिक क्षमता से विद्यालय को व्यवस्थित किया और अपने निरंतर प्रयासों से विद्यालय में एक सकारात्मक माहौल तैयार किया जिससे विद्यार्थियों की संख्या उत्तरोत्तर बढ़ती चली गई। इसके अनुशासन और कार्यदक्षता की चर्चा  पूरे जिले में की जाने लगी। अतिथियों ने अपने संबोधन में श्री चंद्रमणि प्रसाद के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।  कार्यक्रम का समापन प्रभारी प्रधानाध्यापिका दीप्ति कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सत्यनारायण प्रसाद वर्मा, मो० मोजाहिदुल इस्लाम, वीरेंद्र प्रसाद वर्मा,अरविंद कुमार रवानी, अनिल कुमार प्रियदर्शी, विनय कुमार यादव, राकेश रंजन उपाध्याय, विवेक कुमार भदानी, सोनी प्रसाद, प्रियंका कुमारी रजक एवं फिरोज खान की अहम भूमिका रही।