सरायकेला: सरायकेला धर्मशाला में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) की कोल्हान प्रमंडलीय स्तरीय बैठक कोल्हान अध्यक्ष नवीन महतो की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में कोल्हान के तीनों जिलों के जिला अध्यक्षों के साथ 14 विधानसभा क्षेत्रों के पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए।बैठक को संबोधित करते हुए कोल्हान अध्यक्ष नवीन महतो ने कहा कि पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष के निर्देश पर इस प्रमंडलीय बैठक का आयोजन किया गया है। बैठक का उद्देश्य संगठन को और अधिक मजबूत बनाना तथा आगामी राजनीतिक रणनीति पर विचार-विमर्श करना है।बैठक में वर्ष 2027 में प्रस्तावित पंचायत चुनाव को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा जनसंपर्क अभियान को तेज करने पर जोर दिया गया।इसके अलावा बैठक में नीट परीक्षा पेपर लीक के मुद्दे पर भी गंभीर चर्चा हुई। पार्टी नेताओं ने इस मामले को युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की। बैठक में निर्णय लिया गया कि इस मुद्दे को लेकर जेएलकेएम जोरदार विरोध-प्रदर्शन करेगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाएगी।
बैठक के अंत में पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से संगठन की नीतियों और कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने तथा आगामी चुनाव को लेकर अभी से सक्रिय होकर कार्य करने का आह्वान किया।