कासगंज (यूपी)। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) पोस्ट कासगंज और अपराध आसूचना शाखा (CIB) की संयुक्त टीम ने रेलवे टिकटों के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की है। 'ऑपरेशन उपलब्ध' के तहत की गई इस कार्रवाई में फर्जी तरीके से पर्सनल IRCTC आईडी और काउंटर आरक्षण टिकटों के जरिए अवैध मुनाफा कमाने वाले एक संगठित अंतरराज्यीय दलाल गिरोह के मुख्य सदस्य को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसके 2 मुख्य सहयोगी अभी फरार हैं।
आरक्षण केंद्र के पास से रंगे हाथों पकड़ा गया आरोपी
वरीष्ठ मण्डल सुरक्षा आयुक्त (इज्जतनगर) मिथुन सोनी व सहायक सुरक्षा आयुक्त मोहम्मद असलम के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान 26 जुलाई 2026 की देर रात (लगभग 1:30 बजे) RPF टीम ने कासगंज रेलवे स्टेशन के आरक्षण केंद्र के पास से आरोपी ताजुद्दीन उर्फ ताजू (30 वर्ष) को धर दबोचा। आरोपी बलरामपुर जिले के तुलसीपुर का रहने वाला है। तलाशी के दौरान उसके पास से पर्सनल IRCTC यूजर आईडी पर बनी ई-टिकटों और काउंटर से बनी टिकटों की छायाप्रति बरामद हुई।
कैसे काम करता था गिरोह?
जांच में सामने आया कि यह गिरोह यूपी और उत्तराखंड (इज्जतनगर मंडल) के विभिन्न इलाकों में सक्रिय था। मुख्य आरोपी ताजुद्दीन ग्राहकों की मांग पर उनके टिकट की जानकारी व्हाट्सएप या फोन से अपने फरार साथियों—जुबैर (बरेली) और रियासत उर्फ सज्जाद को भेजता था। ये दोनों सहयोगी अलग-अलग आरक्षण केंद्रों से तत्काल या नॉर्मल काउंटर टिकट बनवाकर बस व ट्रेन के जरिए ताजुद्दीन तक पहुंचाते थे। साथ ही, पर्सनल IRCTC आईडी (जैसे shainy47, Rajukna19, taj8127516) का इस्तेमाल कर ई-टिकट भी निकाले जाते थे।
हर टिकट पर ग्राहकों से ₹500 से ₹1000 तक अतिरिक्त कमीशन वसूला जाता था। भुगतान के लिए मोबाइल डेटा और Paytm (8623051669) का इस्तेमाल किया जाता था।
बरामदगी एवं आपराधिक इतिहास
लाइव यात्रा ई-टिकट: 6 सामान्य श्रेणी टिकट (कीमत: ₹6,650)
पुरानी यात्रा ई-टिकट: 4 सामान्य टिकट (कीमत: ₹8,604)
काउंटर टिकट छायाप्रति: 7 प्रयुक्त टिकट (कीमत: ₹26,795)
अन्य सामग्री: 1 भरा हुआ व 5 खाली आरक्षण फॉर्म, HP लैपटॉप, 2 मोबाइल।
पकड़े गए आरोपी ताजुद्दीन के खिलाफ लालकुआं और बरेली सिटी RPF पोस्ट पर पहले से मामले दर्ज हैं। वहीं फरार आरोपी जुबैर और रियासत भी RPF के पुराने आपराधिक इतिहास वाले आरोपी हैं।
रेल अधिनियम धारा 143 के तहत मामला दर्ज
RPF निरीक्षक नरेश कुमार मीना ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ रेल अधिनियम की धारा 143 के तहत मामला (मु0 अ0स0 531/26) पंजीकृत कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। जब्त इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को सील कर दिया गया है और फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।
कार्रवाई करने वाली RPF टीम:
निरीक्षक नरेश कुमार मीना, उप निरीक्षक प्रवीण कुमार (RPF कासगंज), हेड कांस्टेबल धारा सिंह मीना, कांस्टेबल सुभाष चंद्र एवं कांस्टेबल विजय (CIB कासगंज)।