चंडीगढ़/रविन्द्र कुमार:पंजाब यूनिवर्सिटी, चंडीगढ़ के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज अपने सबसे वरिष्ठ जीवित पूर्व छात्र और अविभाजित पंजाब के सबसे वरिष्ठ जीवित पूर्व विधायक, 104 वर्षीय सही राम बिश्नोई को गांव सकताखेड़ा, डबवाली के निकट, उनके निवास पर जाकर सम्मानित कर उन्हें ‘साइटेशन ऑफ ऑनर’ प्रदान
किया । इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार प्रो. वाई. पी. वर्मा और डीन एलुमनाई रिलेशंस, प्रो. लतिका शर्मा के साथ प्रो. दिनेश बिश्नोई, सांस्कृतिक समन्वयक डॉ. अर्चना चौहान और डॉ. जयदेव बिश्नोई भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. रेनू विग ने भी वीडियो कॉल के माध्यम से सही राम बिश्नोई से संवाद भी किया । बिश्नोई ने विश्वविद्यालय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह ईश्वर की कृपा है कि वे इतनी लंबी आयु तक जीवित रहे और यह सम्मान प्राप्त कर सके । उन्होंने यह भी पूछा कि क्या विश्वविद्यालय से उनकी आयु वर्ग के अन्य लोग भी जुड़े हुए हैं ।
कुलपति प्रो. रेनू विग ने कहा कि सही राम बिश्नोई का सम्मान किया जाना पंजाब यूनिवर्सिटी की लाहौर से चंडीगढ़ तक की यात्रा और उन मूल्यों की याद दिलाता है, जिन्हें विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र पीढ़ी दर पीढ़ी आगे बढ़ाते आए हैं ।उन्होंने कहा कि सही राम बिश्नोई विश्वविद्यालय की परंपरा, सेवा भावना और शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक हैं ।