सौरभ राय/ रफ्तार मीडिया
रांची: आगामी 26 जून को मोहर्रम पर्व देश भर में मनाई जाएगी राजधानी रांची में जुलूस निकाली कि परम्परा जारी है इस वर्ष भी विभिन्न मोहर्रम कमिटियों के द्वारा जुलूस निकाली जाएगी। मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को रांची उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभागार में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठकका आयोजन किया गया। इस दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन, एसडीओ कुमार रजत, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह,समेत जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी, सेन्ट्रल मोहर्रम कमिटी, महावीर मंडल, विभिन्न अखाड़ा समितियों एवं शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे।
*मोहर्रम केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि भाईचारे का प्रतीक है- मंजुनाथ भजंत्री*
मौके पर उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि मोहर्रम केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और भाईचारे का प्रतीक है। उन्होंने सभी समुदायों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें।बैठक के दौरान मोहर्रम के सफल आयोजन को लेकर साफ सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, जुलूस मार्गों की स्थिति, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, एम्बुलेंस, यातायात प्रबंधन तथा अखाड़ों के लाइसेंस निर्गत करने जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। विभिन्न अखाड़ा समितियों और शांति समिति के प्रतिनिधियों ने प्रशासन के समक्ष अपनी मांगें और सुझाव रखे तथा आपसी भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द के साथ पर्व मनाने की प्रतिबद्धता जताई।
*सोशल मीडिया पर रहेगी विशेष निगरानी*
उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रशासन और पुलिस की पैनी नजर रहेगी। सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली या भ्रामक पोस्ट करने वालों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम लोगों से किसी भी संदिग्ध सूचना की जानकारी तत्काल प्रशासन और पुलिस को देने की अपील की।
*निर्धारित रूट से ही निकलेंगे जुलूस*
मोहर्रम के अवसर पर निकाली जाने वाली जुलूस को लेकर हिदायत देते हुए रांची उपायुक्त ने सभी अखाड़ा समितियों और मोहर्रम कमेटियों से उच्च न्यायालय द्वारा जारी दिशा निर्देशों का पालन करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि झंडों की निर्धारित ऊंचाई का पालन किया जाए तथा जुलूस के स्वीकृत मार्ग में किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया जाए। अखाड़ा समितियां स्थानीय थाना से समन्वय स्थापित कर निर्धारित रूट से ही जुलूस निकालें।
*ड्रोन कैमरों से होगी निगरानी*
वहीं, रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने कहा कि किसी भी असामाजिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा। मोहर्रम के दौरान संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। जुलूसों और भीड़भाड़ वाले इलाकों की निगरानी ड्रोन कैमरों से की जाएगी। धार्मिक स्थलों पर भी अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।