वरीय संवाददाता रफ्तार मीडिया/हजारीबाग: हजारीबाग जिले के दारू प्रखंड कार्यालय में मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में भ्रमणशील पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. बिमला कुमारी ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में संचालित विभिन्न पशुधन विकास योजनाओं की विस्तृत जानकारी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को दी।
डॉ. बिमला कुमारी ने बताया कि मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत बकरा विकास, सूकर विकास, बॉयलर एवं लेयर कुक्कुट पालन, बत्तख वितरण तथा भेड़ वितरण जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को स्वरोजगार से जोड़ना, पशुपालन को बढ़ावा देना तथा उनकी आर्थिक स्थिति को सशक्त बनाना है।
उन्होंने उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक पात्र एवं इच्छुक लाभुकों को योजनाओं के प्रति जागरूक करें और आवेदन करने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का लाभ उठाकर ग्रामीण परिवार अपनी आय में वृद्धि कर सकते हैं और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।
बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी हारून रशीद, दारू मंडल विधायक प्रतिनिधि दिलीप कुमार, मांडू प्रखंड के रामचंद्र प्रसाद सहित कई जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान योजनाओं के सफल क्रियान्वयन, लाभुक चयन प्रक्रिया तथा व्यापक प्रचार-प्रसार को लेकर भी चर्चा की गई।