पटना: राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) 2026 में गोल इंस्टिट्यूट के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बिहार और झारखंड का नाम रोशन किया है। शुक्रवार को बुद्धा कॉलोनी स्थित गोल इंस्टिट्यूट परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान संस्थान ने अपने टॉपर्स और परिणामों की आधिकारिक घोषणा की।
संस्थान के छात्र रवि कांत दिवाकर ने 720 में से 695 अंक हासिल कर ऑल इंडिया रैंक (AIR) 55 और कैटेगरी AIR-3 प्राप्त की। वहीं कमल नयन ने 671 अंक के साथ AIR-460, केशव कुमार ने 660 अंक के साथ AIR-901, अनुष्का कश्यप ने 660 अंक के साथ AIR-937 और सृष्टि राज ने 652 अंक के साथ AIR-1290 हासिल कर शानदार सफलता दर्ज की।
संस्थान के प्रारंभिक विश्लेषण के अनुसार, इस वर्ष 500 से अधिक विद्यार्थियों के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश की प्रबल संभावना है। संस्थान का कहना है कि परिणामों का संकलन अभी जारी है और सफल छात्रों की संख्या आगे और बढ़ सकती है।
गोल इंस्टिट्यूट के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर बिपिन सिंह ने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, अभिभावकों के विश्वास और शिक्षकों के समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि संस्थान का लक्ष्य केवल परीक्षा में सफलता दिलाना नहीं, बल्कि भविष्य के योग्य और संवेदनशील चिकित्सकों का निर्माण करना है।
असिस्टेंट डायरेक्टर रंजय सिंह ने विद्यार्थियों की सफलता को हजारों मेडिकल अभ्यर्थियों के लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि कठिन परिश्रम, सही मार्गदर्शन और आत्मविश्वास ने यह उपलब्धि संभव बनाई है।
वहीं, आरएंडडी हेड आनंद वत्स ने बताया कि वैज्ञानिक तैयारी, नियमित टेस्ट, प्रदर्शन विश्लेषण और समय-समय पर सुधार की रणनीति ने विद्यार्थियों को बेहतर परिणाम दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एकेडमिक हेड गौरव सिंह ने कहा कि व्यक्तिगत मार्गदर्शन, डाउट सेशन और निरंतर मूल्यांकन से छात्रों की तैयारी मजबूत हुई।
संस्थान ने घोषणा की कि 26 जुलाई 2026 को पटना के बापू सभागार में आयोजित “सफलता सम्मान समारोह” में नीट 2026 के सफल विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। इस समारोह में छात्र, अभिभावक, शिक्षाविद, चिकित्सक और विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियां शामिल होंगी।