फतह सिंह उजाला 
गुरुग्राम 15 जुलाई। पर्यावरण संरक्षण और हरित गुरुग्राम के संकल्प को साकार करने की दिशा में बुधवार को नगर निगम गुरुग्राम द्वारा 4 लाख 66 हजार पौधों के महा-वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ वार्ड-25 स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस पार्क, सेक्टर-14 से किया गया। इस अवसर पर गुरुग्राम के  एमएलए मुकेश शर्मा ने पौधारोपण कर अभियान की शुरुआत की तथा सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

एमएलए मुकेश शर्मा ने कहा कि यह अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने बताया कि नगर निगम गुरुग्राम द्वारा शहर के प्रत्येक वार्ड में व्यापक स्तर पर कुल 4 लाख 66 हजार पौधे लगाए जाएंगे, जिससे गुरुग्राम की हरित आच्छादन क्षमता बढ़ेगी और पर्यावरण संरक्षण को नई मजबूती मिलेगी।

उन्होंने कहा कि बढ़ते शहरीकरण के बीच पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के "एक पेड़ माँ के नाम" संकल्प को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से यह अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक यदि कम से कम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करने का संकल्प ले, तो गुरुग्राम को हरित, स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त शहर बनाने का लक्ष्य शीघ्र ही प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने सभी सामाजिक संगठनों, आरडब्ल्यूए, युवाओं एवं नागरिकों से इस जनभागीदारी अभियान से जुड़ने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और "एक पेड़ मां के नाम" अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर मेयर श्रीमती राजरानी मल्होत्रा, पार्षद श्री अनूप सिंह, अतिरिक्त निगमायुक्त श्री रविंद्र यादव, संयुक्त आयुक्त श्री रविंद्र मलिक, कार्यकारी अभियंता श्री सचिन यादव, श्री संदीप धुंधवाल, एडवोकेट श्री रविंद्र जैन, सेक्टर-14 आरडब्ल्यूए प्रधान श्री विकास वर्मा, श्री अमित यादव, श्री समीर भल्ला सहित क्षेत्रवासी, आरडब्ल्यूए प्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।