अमेरिका दौरे को केंद्र सरकार की मंजूरी नहीं मिलने के मुद्दे पर तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने केंद्र के फैसले पर सवाल उठाए हैं। डॉ. बी.आर. अंबेडकर तेलंगाना सचिवालय में आयोजित मीडिया कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रस्तावित विदेश दौरे का मुख्य उद्देश्य तेलंगाना में निवेश, शिक्षा, खेल और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देना था.
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके इंग्लैंड दौरे को मंजूरी दी गई, लेकिन अमेरिका दौरे की अनुमति नहीं दी गई। उन्होंने दावा किया कि दौरे से संबंधित सभी आवश्यक जानकारी विदेश मंत्रालय को उपलब्ध कराने के बावजूद अमेरिका यात्रा की अनुमति रोक दी गई.
रेवंत रेड्डी ने आरोप लगाया कि गुजरात के मुख्यमंत्री को अमेरिका दौरे की अनुमति दी गई, जबकि तेलंगाना राइजिंग-2047 के तहत उनके प्रस्तावित अमेरिका दौरे को रोक दिया गया। उन्होंने इसे तेलंगाना के साथ भेदभाव करार दिया.
मुख्यमंत्री ने कहा, “यह मेरा व्यक्तिगत अपमान नहीं, बल्कि चार करोड़ तेलंगाना वासियों के साथ अन्याय है।” उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी बाधा के बावजूद तेलंगाना के विकास का लक्ष्य नहीं रुकेगा.
रेवंत रेड्डी ने कहा कि राज्य में बड़े पैमाने पर निवेश आकर्षित करने के प्रयास जारी रहेंगे. 8 और 9 दिसंबर को प्रस्तावित तेलंगाना ग्लोबल समिट-2026 के जरिए वैश्विक निवेशकों को तेलंगाना में निवेश के लिए आकर्षित करने की दिशा में सरकार आगे बढ़ रही है.
मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने दोहराया कि तेलंगाना के विकास, निवेश और रोजगार के लक्ष्य को कोई नहीं रोक सकता.