सोनाहातु प्रखंड क्षेत्र स्थित काँची नदी पुल की रिपेयरिंग में कथित अनियमितताओं को लेकर सिल्ली विधायक अमित कुमार महतो आधी रात अचानक निरीक्षण के लिए पहुँच गए। मौके पर उन्होंने रिपेयरिंग कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए और ठेकेदार के साथ-साथ विभागीय अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।रात के अंधेरे में जब अधिकांश लोग अपने घरों में थे, उसी समय सिल्ली विधायक अमित कुमार महतो काँची नदी पुल पर चल रहे रिपेयरिंग कार्य का जायजा लेने पहुँच गए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने काम की गुणवत्ता पर नाराजगी जताई और कहा कि रिपेयरिंग के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही है।मीडिया से बातचीत में विधायक ने कहा कि पुल की मरम्मत बार-बार करनी पड़ रही है और 15–15 दिन में फिर रिपेयरिंग की नौबत आना यह दर्शाता है कि काम मानकों के अनुरूप नहीं हो रहा है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता के टैक्स के पैसे से घटिया निर्माण और लापरवाही किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी।विधायक ने संबंधित विभाग और ठेकेदार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि गुणवत्ता से समझौता किया गया तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पुल की मरम्मत टिकाऊ और निर्धारित मानकों के अनुसार कराई जाए, ताकि आम लोगों को सुरक्षित आवागमन मिल सके।काँची नदी पुल की रिपेयरिंग को लेकर सिल्ली विधायक अमित कुमार महतो का यह अचानक निरीक्षण अब चर्चा का विषय बन गया है। विधायक ने साफ संदेश दिया है कि विकास कार्यों में लापरवाही और गुणवत्ता से समझौता किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अब देखना होगा कि विभाग और ठेकेदार इस फटकार के बाद कितनी गंभीरता से काम करते हैं।"