भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि जिस प्रकार मानव शरीर और हमारे जीवन में दांतों का महत्व है उसी प्रकार समाज में भी दंत चिकित्सकों का विशेष महत्व है। बच्चों की आयु और विकास का क्रम दांतों के आने से ही निर्धारित होता है और दांत ही व्यक्ति की सुंदरता को बढ़ाते घटाते है।

              मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश में इसी सत्र में एक और शासकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय आरंभ करने की घोषणा की। इसके साथ ही मुंह के कैंसर की रोकथाम और बेहतर इलाज के लिए सुझाव आमंत्रित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मध्यप्रदेश राज्य दन्त परिषद को ओरल हेल्थ पॉलिसी पर ड्राफ्ट प्रस्तुत करने का सुझाव दिया।

             मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में मेडिकल कॉलजों की संख्या बढ़ाई जा रही है, दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों में मेडिकल कॉलेज शुरू करने से ग्रामीण क्षेत्रों में भी डॉक्टरों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जा सकेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पीएससी परीक्षा में चयनित होकर शासकीय सेवा में आए दंत चिकित्सकों को बधाई दी।

            मुख्यमंत्री डॉ. यादव मध्यप्रदेश राज्य दंत परिषद के हीरक जयंती समारोह और युवा दंत चिकित्सक संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर दंत चिकित्सकों को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित भी किया।