रंजन साहू, कानपुर
उत्तर मध्य रेलवे ने ई-गवर्नेंस की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए सोमवार को ‘टोटल’ (TA & OT ऑनलाइन क्लेम) पोर्टल लांच किया। जोन के 67 हजार से अधिक कर्मचारियों को इससे सीधा लाभ मिलेगा।
महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में इस वेब एप्लिकेशन का उद्घाटन किया। इस पोर्टल को आईटी विभाग ने सीएमआईटी तरुन कुमार शुक्ला के नेतृत्व में इन-हाउस तैयार किया है।
महाप्रबंधक ने कहा कि इस पहल से मैनुअल हस्तक्षेप खत्म होगा और भत्ता दावों का निस्तारण तेजी से होगा। पारदर्शिता बढ़ेगी और कर्मचारियों को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
*पोर्टल की खास बातें -*
- कर्मचारी मासिक जर्नल ऑनलाइन जमा कर सकेंगे। HRMS पर पंजीकृत मोबाइल पर OTP से सत्यापन होगा।
- क्लेम की स्थिति ऑनलाइन ट्रैक हो सकेगी।
- रेलवे स्थापना संहिता के अध्याय-16 के तहत भत्तों की गणना ऑटोमेटिक होगी, मानवीय त्रुटि की गुंजाइश खत्म।
- अधिकारियों के लिए वर्कफ्लो मैनेजमेंट और ऑडिट ट्रेल की सुविधा।
अधिकारियों के मुताबिक पहले चरण में यात्रा भत्ता (TA) के दावे लिए जाएंगे, दूसरे चरण में ओवरटाइम (OT) जोड़ा जाएगा। 20 से 25 दिन में पोर्टल पूरी तरह से कार्य करने लगेगा।