वाराणसी /आशुतोष मिश्रा : काशी के प्रसिद्ध नमो घाट पर रविवार को दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां सुरक्षा गार्डों और बाउंसरों की कथित बेरहमी ने एक पर्यटक की जान ले ली। सोनभद्र से घूमने आए युवक राजेन्द्र उर्फ चिंटू की बाउंसरों द्वारा की गई पिटाई के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।*

*मिली जानकारी के अनुसार सोनभद्र निवासी दो भाई नमो घाट घूमने पहुंचे थे। इसी दौरान प्रतिबंधित क्षेत्र को लेकर उनकी वहां मौजूद गार्डों से कहासुनी हो गई। आरोप है कि युवकों के वहां से हट जाने के करीब 20 मिनट बाद दर्जनों की संख्या में गार्ड और बाउंसर लाठी-डंडों के साथ पहुंचे और दोनों भाइयों को घेरकर बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घाट पर अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे*

*हमले में गंभीर रूप से घायल राजेन्द्र उर्फ चिंटू को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। दूसरे युवक का इलाज जारी है। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।*

*सूचना मिलते ही आदमपुर पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए चार बाउंसरों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और घाट पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।*

*इस घटना के बाद नमो घाट की सुरक्षा व्यवस्था और बाउंसरों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।*