ओमप्रकाश तिवारी/मोतिहारी, रफ्तार मीडिया।
जिले में कानून-व्यवस्था और जनता की सुरक्षा को लेकर मोतिहारी पुलिस अलर्ट मोड पर है। शनिवार की रात अनुमंडल पदाधिकारी ढाका, पकड़ीदयाल एवं पर्यवेक्षी पदाधिकारी सुगौली के नेतृत्व में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में रात्रि गश्ती, OD ड्यूटी, संतरी और डायल-112 की सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।

प्रशासनिक अधिकारियों ने घोडासहन थाना, फेनहारा थाना, ढाका थाना के डायल-112 वाहन और राजेपुर थाना का औचक निरीक्षण किया। चेकिंग के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की उपस्थिति, ड्यूटी रजिस्टर, डायल-112 के रिस्पॉन्स टाइम और रात्रि गश्ती की व्यवस्था को बारीकी से परखा गया।

अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि डायल-112 पर आने वाले हर कॉल को प्राथमिकता के आधार पर लिया जाए। सूचना मिलते ही घटना स्थल पर न्यूनतम समय में पहुंचना सुनिश्चित करें। रात्रि गश्ती के दौरान संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों पर विशेष नजर रखी जाए। OD ड्यूटी और संतरी ड्यूटी में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि रात में थाना परिसर की सुरक्षा, हाजत और अभिलेखों की सुरक्षा पुख्ता की जाए। आम लोगों से बेहतर व्यवहार और त्वरित मदद करने की हिदायत भी दी गई।

मोतिहारी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि "आपकी सेवा और सुरक्षा में सदैव तत्पर" के सिद्धांत पर काम किया जा रहा है। रात्रि गश्ती और ड्यूटी चेकिंग का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा ताकि जिले में अपराध पर अंकुश लगाया जा सके और लोगों में सुरक्षा का भाव पैदा हो।