कानपुर कमिश्नरेट के पश्चिमी जोन में डीसीपी एस. एम. क़ासिम आबिदी के सख्त निर्देशों के तहत बिठूर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बाइक चोरी करने वाले शातिर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की बाइक सहित अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना के आधार पर मंधना क्षेत्र में घेराबंदी कर अमित सोनी उर्फ बाला (35), सुनील सोनी उर्फ सोनू (30) और सूरज कमल को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से तीन मोटरसाइकिल, एक चेसिस, दो नंबर प्लेट, एक मोबाइल फोन और चोरी के माल की बिक्री से प्राप्त 4700 रुपये बरामद किए गए
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे आसपास के क्षेत्रों से बाइक चोरी कर उन्हें खोलकर स्क्रैप के रूप में बेच देते थे। गिरोह का मुख्य आरोपी अमित सोनी पहले भी कई वाहन चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। वहीं सुनील सोनी कबाड़ का काम करता था और सूरज कमल बाइक मैकेनिक होने के कारण पार्ट्स अलग करने में मदद करता था।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्रीय लोगों ने पुलिस की तत्परता और सख्ती की सराहना की है।