दीनबंधु राउत / जामताड़ा :जामताड़ा सदर अस्पताल में मंगलवार को दिव्यांग जांच शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में दिव्यांगजन स्वास्थ्य परीक्षण के लिए पहुंचे। शिविर में विभिन्न विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा मरीजों की जांच कर रिपोर्ट तैयार की गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार इस शिविर में कुल 80 दिव्यांगजनों की जांच की गई।वही सिविल सर्जन डॉ शिव प्रसाद मिश्रा के निर्देश पर अब दिव्यांग जांच शिविर प्रत्येक माह की 25 तारीख के बजाय 12 तारीख को आयोजित किया जाएगा।यदि किसी कारणवश 12 तारीख को अवकाश रहेगा, तो शिविर अगले कार्य दिवस पर लगाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि इस बदलाव से दिव्यांगजनों को समय पर जांच और प्रमाणपत्र संबंधी सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।शिविर में नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. मुख्तार अंसारी ने आंखों की जांच की, जबकि मूक-बधिर एवं अन्य संबंधित जांच डॉ. दिनेश प्रसाद द्वारा की गई। शिशु रोग एवं सामान्य स्वास्थ्य जांच डॉ. निलेश कुमार ने की, वहीं हड्डी रोग संबंधी जांच डॉ. ठाकुर द्वारा की गई। जांच के बाद मरीजों की रिपोर्ट तैयार कर आगे की प्रक्रिया शुरू की गई।शिविर के दौरान अस्पताल परिसर में दिव्यांगजनों और उनके परिजनों की काफी भीड़ देखी गई। मौके पर स्वास्थ्यकर्मी राहुल तिवारी सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे और शिविर संचालन में सहयोग करते नजर आए। स्वास्थ्य विभाग के कर्मी राहुल तिवारी ने लोगों से तय तिथि पर शिविर में पहुंचकर लाभ लेने की अपील की है।