*रफ़्तार मिडिया सोनाहातु संवाददाता* 
राँची जिले के सोनाहातु थाना क्षेत्र के चोगा गांव में चोरों ने किसानों की खेती पर बड़ा हमला बोल दिया। सिंचाई के लिए बिजली विभाग द्वारा लगाए गए 23 पोलों की बिजली तार रातों-रात काटकर चोरी कर ली गई। घटना के बाद किसान सिंचाई को लेकर भारी परेशानी में हैं, जबकि बिजली विभाग ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।बताया जा रहा है कि बीती रात चोरों ने खेतों तक बिजली पहुंचाने वाली लाइन को निशाना बनाया और 23 पोलों से बिजली की तार काटकर ले गए। इस घटना से किसानों की सिंचाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। खेती के इस महत्वपूर्ण समय में बिजली नहीं मिलने से किसानों के सामने फसल बचाने की चुनौती खड़ी हो गई है।बिजली विभाग के एसडीओ ने बताया कि अज्ञात लोगों के खिलाफ सोनाहातु थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है और मामले की जांच की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही जामुदाग पंचायत  समिति सदस्य रूप कुमार साहू मौके पर पहुंचे, निरीक्षण किया और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी के साथ किसानों के लिए तत्काल बिजली व्यवस्था बहाल करने की मांग की।अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर 23 पोलों की तार चोरी हो जाती है और विभाग को भनक तक नहीं लगती। इससे किसानों की परेशानी बढ़ गई है और वे जल्द बिजली बहाल करने के साथ चोरों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।