बगहा /मोहम्मद इम्तियाज :बगहा पुलिस जिला के नौरंगिया थाना क्षेत्र में चर्चित मुरारी यादव हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सिरिसिया गांव निवासी उमेश चौधरी के रूप में हुई है, जिसे बेतिया से दबोचा गया। घटना के बाद से वह फरार चल रहा था और पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी थी।
प्रभारी एसपी निर्मला कुमारी ने बताया कि इस हत्याकांड में कुल सात लोगों के खिलाफ नौरंगिया थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। यह मामला मृतक के पुत्र लालू यादव के आवेदन पर दर्ज हुआ था। एफआईआर दर्ज होते ही पुलिस ने सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू कर दी है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए स्वयं एसपी ने एसडीपीओ बगहा कुमार देवेंद्र और थानाध्यक्ष राज रोशन के साथ एफएसएल टीम एवं डॉग स्क्वाड के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया था। जांच के दौरान कई अहम साक्ष्य जुटाए गए हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
गौरतलब है कि मुरारी यादव बीते रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए थे। परिजनों की लगातार खोजबीन के बाद गुरुवार को नौरंगिया थाना क्षेत्र के हरदियाचट्टी गांव में उनका शव दो अलग-अलग स्थानों से बरामद किया गया था। इस निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है और लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है