दिनेश कुमार रजक/रफ्तार मीडिया संवाददाता/चित्तरंजन
 

पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद राज्यभर में टीएमसी नेताओं के खिलाफ कार्रवाई तेज हो गई है। दबंगई और भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे टीएमसी नेताओं पर गाज गिरने का सिलसिला शुरू हो चुका है। इसी कड़ी में बीजेपी चित्तरंजन इकाई ने आक्रामक रुख अपनाते हुए फतेहपुर स्थित टीएमसी कार्यालय पर ताला जड़ दिया। बीजेपी चित्तरंजन इकाई के उपाध्यक्ष बी बी सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने यह कार्रवाई की। उनके साथ सुमित मंडल, जयंतो बावरी, रोशन सिंह और अन्य पार्टी कार्यकर्ता भी मौजूद थे। ताला जड़ने के बाद बी बी सिंह ने कहा कि यह कार्यालय नाजायज कार्यों का अड्डा बन गया था। पार्टी नेताओं का आरोप है कि यहां अवैध वसूली, धमकी और भ्रष्टाचार की गतिविधियां चलती थीं। सत्ता के संरक्षण में होने के कारण अब तक कोई आवाज नहीं उठा पा रहा था। बीजेपी कार्यकर्ताओं ने ताला जड़ते समय नारेबाजी कर टीएमसी के काले कारनामों को उजागर करने की बात कही। चित्तरंजन मंडल भाजपा अध्यक्ष आदित्य तिवारी का कहना है कि पश्चिम बंगाल में सत्ता बदलते ही जनता को राहत मिलनी शुरू हो गई है। जो लोग लंबे समय से दबंगई और भ्रष्टाचार कर रहे थे, अब कानून के शिकंजे में आएंगे। पूर्व अध्यक्ष शंकर तिवारी का कहना है कि फतेहपुर कार्यालय से जुड़ी कई शिकायतें पहले भी सामने आई थीं, लेकिन कार्रवाई नहीं हो पाती थी। बीजेपी नेताओं ने भरोसा दिलाया कि ऐसे सभी अवैध अड्डों को बंद करवाया जाएगा और आम जनता को न्याय मिलेगा। फिलहाल पुलिस प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। ताला जड़ने की इस घटना के बाद इलाके में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है।