स्थान: मोतिहारी, पूर्वी चंपारण
संवाददाता: ओमप्रकाश तिवारी
पूर्वी चंपारण जिला ग्रामीण विकास अभिकरण (डीआरडीए) ने कर्तव्यों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही बरतने वाले एक कार्यक्रम पदाधिकारी के विरुद्ध बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। जिलाधिकारी-सह-जिला कार्यक्रम समन्वयक सौरभ सुमन यादव ने मोतिहारी सदर के कार्यक्रम पदाधिकारी जीवन चंद्रा के मूल मानदेय में तीन वर्षों तक 25 प्रतिशत कटौती करने का दंड अधिरोपित किया है।
डीआरडीए द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कार्यक्रम पदाधिकारी जीवन चंद्रा के विरुद्ध मानव दिवस सृजन में अपेक्षित प्रगति नहीं करने, जीरो ऑफिस डे के दौरान प्रखंड मुख्यालय से अनुपस्थित रहने, प्रखंड मुख्यालय में आवासन नहीं करने, ई-केवाईसी कार्य में लक्ष्य के अनुरूप प्रगति नहीं करने तथा VBG RAM-G योजना के अंतर्गत एक भी पंचायत में डिमांड उत्पन्न नहीं करने जैसी गंभीर अनियमितताओं को लेकर स्पष्टीकरण मांगा गया था।
विभाग ने बताया कि मांगे गए किसी भी स्पष्टीकरण का उन्होंने उत्तर नहीं दिया। साथ ही वे लगातार प्रखंड मुख्यालय क्षेत्र से अनुपस्थित भी पाए गए, जिसे कर्तव्यों के प्रति घोर लापरवाही, कर्तव्यहीनता, स्वेच्छाचारिता तथा वरीय अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना माना गया।
इन्हीं तथ्यों के आधार पर विभागीय पत्रांक 196, दिनांक 25 मार्च 2022 के कंडिका-01 के उपखंड-IV में निहित प्रावधानों के तहत जिलाधिकारी-सह-जिला कार्यक्रम समन्वयक ने उनके मूल मानदेय में 25 प्रतिशत की कटौती तीन वर्षों तक किए जाने का दंडादेश जारी किया है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही, अनुशासनहीनता एवं अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा दोषी कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।