काजल मित्रा/आसनसोल: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने आसनसोल के ADDA मैदान में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने मंच पर मौजूद 9 विधानसभा उम्मीदवारों के समर्थन में जनता से वोट की अपील की और भारतीय जनता पार्टी पर जमकर हमला बोला। ममता बनर्जी ने अपने भाषण में बीजेपी को राज्य से “विदाई देने” की अपील करते हुए कहा कि अगर बीजेपी सत्ता में रही तो ईडी और सीबीआई का डर दिखाकर लोगों को परेशान किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी ने चुनाव आयोग के साथ मिलकर स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन प्रक्रिया के जरिए राज्य के करीब 90 लाख मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए हैं, जिनमें 60 लाख हिंदू और 30 लाख मुस्लिम शामिल हैं। ममता ने दावा किया कि इस मुद्दे को लेकर उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया, जिसके बाद 30 लाख से अधिक लोगों के नाम दोबारा मतदाता सूची में जुड़वाए गए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि किसी भी मतदाता का नाम कटने नहीं दिया जाएगा।साभा के दौरान ममता बनर्जी ने विभिन्न धर्मों के प्रति एकता और सम्मान का संदेश देते हुए “ला इलाहा इल्लल्लाह”, “छठ मैया की जय”, “वाहे गुरु दी खालसा”, “जय जोहार” समेत कई धार्मिक उद्घोष किए और सभी समुदायों के प्रति प्रेम और सौहार्द व्यक्त किया।