रफ्तार मीडिया संवाददाता/मिहिजाम
 

नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर 16 और 18 में पिछले कई दिनों से स्ट्रीट लाइटें बंद होने से पूरा इलाका अंधेरे में डूबा हुआ है। घनी आबादी, मुख्य बाजार और स्कूलों वाले इन इलाकों में शाम ढलते ही राहगीरों, दुकानदारों और बुजुर्गों के लिए आवाजाही मुश्किल हो गई है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि अंधेरे के कारण चोरी और हादसों का डर बना रहता है। इस संबंध में कई बार नगर परिषद कार्यालय को लिखित व मौखिक शिकायत दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। वार्ड 18 के पार्षद महाबीर राय ने भी माना कि उन्होंने विभाग को कई बार अवगत कराया है, पर प्रशासनिक स्तर पर अनदेखी जारी है। आक्रोशित ग्रामीणों ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी से तुरंत तकनीकी टीम भेजकर खराब लाइटों की मरम्मत कराने की मांग की है।