पकड़ीदयाल, रफ्तार मीडिया। रिपोर्ट: ओमप्रकाश तिवारी।
मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर अनुमंडल प्रशासन पकड़ीदयाल पूरी तरह अलर्ट मोड में है। विधि-व्यवस्था के मद्देनजर अनुमंडल पदाधिकारी सुश्री मंगला कुमारी के नेतृत्व में मंगलवार को एरिया डॉमिनेंसी के तहत पकड़ीदयाल, मधुबन और फेनहारा प्रखंड मुख्यालय में फ्लैग मार्च निकाला गया।
फ्लैग मार्च में अनुमंडल पदाधिकारी सुश्री मंगला कुमारी के साथ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, संबंधित थानों के थानाध्यक्ष, दंडाधिकारी, पुलिस बल और सशस्त्र जवान शामिल रहे। फ्लैग मार्च अनुमंडल कार्यालय परिसर से शुरू होकर तीनों प्रखंडों के मुख्य बाजार, संवेदनशील चौक-चौराहों, मस्जिद-इमामबाड़ा वाले इलाकों और भीड़भाड़ वाले स्थानों से गुजरा। इस दौरान पुलिस ने लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।
*एसडीएम ने की शांति की अपील*
फ्लैग मार्च के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी सुश्री मंगला कुमारी ने आम लोगों से मुहर्रम का त्यौहार सद्भाव, भाईचारे और आपसी सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि मुहर्रम आपसी भाईचारे का संदेश देता है। किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट शेयर न करें। उन्होंने चेतावनी दी कि माहौल बिगाड़ने वालों पर प्रशासन की पैनी नजर है और ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम ने स्पष्ट कहा कि "पूरा जिला प्रशासन हर कदम पर सहयोग के लिए तैयार है। कहीं भी गड़बड़ी की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए।" उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करें और 24 घंटे गश्ती जारी रखें।
*प्रशासन ने किए पुख्ता इंतजाम*
अनुमंडल प्रशासन के अनुसार मुहर्रम को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। ताजिया जुलूस के रूट का भौतिक सत्यापन कर लिया गया है। जुलूस के दौरान बिजली के तारों को दुरुस्त करने, सड़कों के गड्ढे भरने और साफ-सफाई का निर्देश संबंधित विभागों को दिया गया है। नियंत्रण कक्ष को 24 घंटे एक्टिव कर दिया गया है। क्यूआरटी टीम को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।
शांति समिति की बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। ताजिया की ऊंचाई निर्धारित मानक से अधिक नहीं होगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि लाइसेंसधारी अखाड़ों को ही जुलूस निकालने की अनुमति दी जाएगी। बिना लाइसेंस के जुलूस निकालने पर कार्रवाई तय है।
*सोशल मीडिया पर रहेगी नजर*
अनुमंडल पदाधिकारी ने बताया कि साइबर सेल की टीम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक, व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर लगातार निगरानी रख रही है। आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों को चिन्हित कर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि कोई भी आपत्तिजनक वीडियो या मैसेज फॉरवर्ड न करें और न ही किसी बहकावे में आएं।
फ्लैग मार्च के दौरान अनुमंडल प्रशासन ने आम लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि त्यौहार सभी का है, इसे मिलजुल कर शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं ताकि जिले में शांति और सौहार्द की मिसाल कायम हो सके।