मोतिहारी, 02 अगस्त। मुख्यमंत्री बाल हृदय योजना के तहत पूर्वी चंपारण के विभिन्न प्रखंडों के 13 बाल हृदय रोगियों को रविवार को उनके परिजनों के साथ 7 एंबुलेंस से जयप्रभा मेदांता अस्पताल, पटना के लिए रवाना किया गया। सदर अस्पताल परिसर से मरीजों को हरी झंडी दिखाकर भेजा गया।

आरबीएसके (RBSK) के जिला समन्वयक डॉ. शशि मिश्रा ने बताया कि बिहार सरकार के सौजन्य से मेदांता अस्पताल में नि:शुल्क ईको जांच शिविर आयोजित किया गया है, जिसमें पूर्वी चंपारण सहित राज्य के विभिन्न जिलों से आए बाल हृदय रोगियों की विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा जांच की जाएगी।

उन्होंने बताया कि मरीजों की सहायता एवं समन्वय के लिए पीपराकोठी के फार्मासिस्ट मो. शमीम को भी साथ भेजा गया है, ताकि अस्पताल प्रबंधन से संपर्क स्थापित कर बच्चों एवं उनके परिजनों को आवश्यक सहयोग मिल सके।

180 बच्चों की हो चुकी है सफल सर्जरी

सिविल सर्जन डॉ. दिलीप कुमार ने बताया कि जिले में अब तक मुख्यमंत्री बाल हृदय योजना के तहत 180 बच्चों की नि:शुल्क सफल हृदय सर्जरी कराई जा चुकी है। इसके अलावा 100 से अधिक बाल हृदय रोगियों का उपचार दवाइयों के माध्यम से सफलतापूर्वक किया गया है।

उन्होंने कहा कि यह योजना जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों के लिए वरदान साबित हो रही है और जरूरतमंद परिवारों को नि:शुल्क एवं बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करा रही है।

इस अवसर पर डॉ. शशि मिश्रा (डीसी, आरबीएसके), डॉ. सरताज आलम, फार्मासिस्ट मो. शमीम, प्रमोद कुमार एवं जौवाद हुमैन सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।

— ओम प्रकाश तिवारी
ब्यूरो चीफ, रफ्तार मीडिया | मोतिहारी