ओम प्रकास तिवारी
मोतिहारी। जनता की समस्याओं के त्वरित एवं विधिसम्मत समाधान के उद्देश्य से शुक्रवार, 21 अगस्त 2026 को पूर्वी चंपारण समाहरणालय, मोतिहारी स्थित डॉ. राधाकृष्णन सभागार में “जनता के दरबार में जिला प्रशासन” कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न अंचलों से पहुंचे 51 आवेदनकर्ताओं की समस्याओं पर सुनवाई की गई।
जिलाधिकारी के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर समाहर्ता विभागीय जांच मो. सिबगतुल्लाह ने की। इस दौरान जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
प्राप्त शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए एडीएम ने कहा कि जनता के दरबार में प्राप्त आवेदनों पर संबंधित पदाधिकारियों के स्तर से कार्रवाई कराते हुए समस्याओं का शीघ्र एवं विधिसम्मत समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से भूमि विवाद, अतिक्रमण एवं राजस्व विभाग से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। एडीएम ने संबंधित मामलों को शीघ्र निष्पादित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश के साथ संबंधित पदाधिकारियों को भेजने का निर्देश प्रभारी पदाधिकारी, जिला जन शिकायत कोषांग को दिया।
कार्यक्रम में एडीएम विभागीय जांच के साथ वरीय उप समाहर्ता श्री विकास कुमार एवं सुश्री निधि कुमारी सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।