चाईबासा:पश्चिमी सिंहभूम जिला के चक्रधरपुर निवासी एवं मानवाधिकार कार्यकर्ता बैरम खान को रांची में आयोजित लोक सेवा समिति के 35वें वर्षगांठ एवं सम्मान समारोह में “विशिष्ट सेवा सम्मान 2026” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें समाज सेवा, मानवाधिकार और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।रांची में आयोजित इस भव्य समारोह में झारखंड के पूर्व शिक्षा मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बंधु तिर्की मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं झारखंड प्रदेश के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यसभा प्रत्याशी शहजाद अनवर विशेष अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए।कार्यक्रम के दौरान बंधु तिर्की ने बैरम खान को सम्मानित करते हुए कहा कि समाज के कमजोर, वंचित एवं जरूरतमंद लोगों के अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष करने वाले लोग समाज के लिए प्रेरणा होते हैं। उन्होंने बैरम खान के सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे लोगों के कारण समाज में जागरूकता और सकारात्मक बदलाव आता है।समारोह में लोक सेवा समिति द्वारा समाज सेवा, शिक्षा, संस्कृति, जनजागरण एवं मानवहित के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कई लोगों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर “प्रेरणा” कॉफी टेबल बुक का भी विमोचन किया गया तथा सामाजिक सरोकारों पर विशेष चर्चा हुई।
सम्मान प्राप्त करने के बाद बैरम खान ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि चक्रधरपुर, पश्चिमी सिंहभूम की जनता, उनके सामाजिक साथियों और उन सभी लोगों का सम्मान है जिन्होंने हर संघर्ष में उनका साथ दिया। उन्होंने कहा कि मानवाधिकार, सामाजिक न्याय और भाईचारे की लड़ाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य लोग, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षाविद, पत्रकार एवं बुद्धिजीवी उपस्थित रहे। बैरम खान को मिले इस सम्मान से चक्रधरपुर एवं पश्चिमी सिंहभूम के लोगों में खुशी का माहौल है।