रफ्तार मीडिया/सरायकेला: सरायकेला खरसावां जिले के ग्रामीण एवं शहरी सहिया, सहिया साथी,बीएएफ, बीटीटीएस,यूसीएफ और डीएएफ स्वतंत्र साधन सेवियों ने लंबित मानदेय को लेकर आंदोलन का विगुल फूंक दिया है। मानदेय एवं प्रोत्साहन राशि के भुगतान को लेकर गुरुवार को गम्हरिया प्रखंड के दुगुनी पंचायत भवन स्थित सभागार में सहिया सामुदायिक प्रशिक्षक संघ की एकदिवसीय बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता कोल्हान प्रमंडल सह जिला अध्यक्ष दुर्गा प्रसाद मंडल ने की। इसमें विभिन्न प्रखंडों से बड़ी संख्या में बीएएफ,बीटीटीएस ,यूसीएफ सहिया और सहिया साथी शामिल हुए। बैठक में बताया गया कि जनवरी से जून 2026 तक छह माह का मानदेय एवं प्रोत्साहन राशि का भुगतान अब तक नहीं हुआ है। कुछ प्रखंडों में सात माह से भुगतान लंबित है, जबकि एक प्रखंड के 40 सहिया को पिछले 10 माह से प्रोत्साहन राशि नहीं मिली है। संघ ने निर्णय लिया कि इस संबंध में उपायुक्त, उपविकास आयुक्त और स्वास्थ्य विभाग को ज्ञापन सौंपा जाएगा तथा जनप्रतिनिधियों को भी स्थिति से अवगत कराया जाएगा। चेतावनी दी गई कि यदि एक सप्ताह के भीतर भुगतान सुनिश्चित नहीं हुआ तो जिला समाहरणालय परिसर में शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। बैठक में समयबद्ध भुगतान की व्यवस्था लागू करने की भी मांग उठाई गई।