सहावर (कासगंज)। उत्तर प्रदेश के कासगंज जनपद से शिक्षा विभाग को शर्मसार करने वाला एक बेहद लापरवाह मामला सामने आया है। यहाँ के सहावर विकासखंड के ग्राम खितौली स्थित प्राथमिक विद्यालय में छुट्टी होने के बाद भी कक्षा 3 की एक 8 वर्षीय मासूम बच्ची को स्कूल के कमरे में ही बंद कर दिया गया। मासूम करीब 5 घंटे तक बंद कमरे में डर के साये में रोती-बिलखती रही। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद परिजनों में भारी आक्रोश है।
परिजनों ने की तलाश, स्कूल में रोती मिली मासूम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्कूल की छुट्टी होने के बाद जब बच्ची काफी देर तक अपने घर नहीं पहुंची, तो परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने गांव और आसपास के इलाकों में बच्ची की काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं सुराग नहीं मिला। काफी तलाश के बाद जब परिजन स्कूल की तरफ गए, तो उन्हें बंद कमरे के अंदर से बच्ची के रोने और चिल्लाने की आवाज सुनाई दी।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
कमरे में बंद मासूम का रोने-बिलखने का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें बच्ची की बेबसी और डर साफ देखा जा सकता है। बच्ची के परिजनों ने तुरंत इस बात की सूचना ग्राम प्रधान को दी। ग्राम प्रधान ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित शिक्षक को फोन कर स्कूल बुलाया और ताला खुलवाकर बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाला।
परिजनों का आरोप: "शिक्षकों ने बिना यह जांचे कि कमरे में कोई बच्चा छूटा तो नहीं है, बाहर से ताला लगा दिया। अगर समय रहते हम न पहुँचते, तो बच्ची के साथ कोई भी अनहोनी हो सकती थी।"
पुलिस में शिकायत, जाँच शुरू
इस घोर लापरवाही से आक्रोशित पीड़ित परिवार ने कोतवाली सहावर पहुंचकर पुलिस को लिखित तहरीर दी है और दोषी शिक्षकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।