बोकारो :जरीडीह थाना क्षेत्र के तांतरी उत्तरी पंचायत के कुम्हारडीह गांव के तालाब के बगल में स्थित झाड़ियों से पुलिस ने 25 वर्षीय अज्ञात युवक का शव बरामद किया.  दिनभर की जांच पड़ताल के बाद भी युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी. पुलिस युवक की पहचान और कहां का निवासी है, आदि पता करने में जुटी हुई है.

थाना प्रभारी बिपिन कुमार महतो ने बताया कि प्रथम दृष्टया शव को देखने से प्रतीत होता है कि यह आत्महत्या है. युवक के पास से कीटनाशक की शीशी मिली है. फंदा भी लगाया गया है. हालांकि युवक ने ऐसा क्यों किया इस बारे में जानकारी जुटाई जाएगी. इससे पूर्व युवक की पहचान का प्रयास किया जा रहा है. मुखिया गिरिन्द्र मिश्रा ने बताया कि सुबह के समय गांव के लोगों से शव की सूचना मिली. थाना को सूचना दी गई. मौके पर विधायक प्रतिनिधि निरंजन मिश्रा, दयाशंकर ठाकुर, महानंद केवट, विश्वनाथ मांझी समेत दर्जनों लोग मौजूद रहे.