दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा।
जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र के आदर्श ग्राम पंचायत बड़जोड़ा के बागगाड़ा गांव में रक्षा बंधन के शुभ अवसर पर शुक्रवार को बागगाड़ा क्रिकेट क्लब की ओर से एक दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। टूर्नामेंट में कुल आठ टीमों ने हिस्सा लिया। सभी मुकाबले छह-छह ओवर के खेले गए। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों के साथ-साथ स्थानीय खेलप्रेमियों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।टूर्नामेंट का उद्घाटन बड़जोड़ा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि देवनाथ मुर्मू, पूर्व मुखिया गणेश किस्कू, झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा जामताड़ा के जिलाध्यक्ष मंतोष कुमार महतो तथा आयोजन समिति के सदस्यों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। उद्घाटन के दौरान अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबले में नाला और जामताड़ा की टीम आमने-सामने हुई, जिसमें नाला ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में बागगाड़ा और दलबेड़िया के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें दलबेड़िया की टीम विजयी रही। इसके बाद नाला और दलबेड़िया के बीच तीन ओवर का रोमांचक फाइनल मुकाबला खेला गया। नाला की टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबला जीत लिया और टूर्नामेंट की विजेता बनी। दलबेड़िया की टीम को उपविजेता के खिताब से संतोष करना पड़ा। फाइनल के बाद विजेता नाला और उपविजेता दलबेड़िया की टीम को मुखिया प्रतिनिधि देवनाथ मुर्मू एवं जिलाध्यक्ष मंतोष कुमार महतो ने पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के जिलाध्यक्ष मंतोष कुमार महतो ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के खेल आयोजनों से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। रक्षा बंधन जैसे पर्व के अवसर पर क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे को भी मजबूत करता है। उन्होंने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई दी और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को प्रोत्साहित करने की बात कही। मौके पर गनपत महतो, विशाल मिर्धा, राजू महतो, उज्ज्वल महतो, बबलू रॉय, सोमन कुमार, रणजीत यादव, मुकेश महतो, छोटन कुमार सहित आयोजन समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे। टूर्नामेंट देखने के लिए दूर-दराज से बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी बागगाड़ा पहुंचे।