फतह सिंह उजाला /गुरुग्राम। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के उद्योग सैल के चेयरमैन अशोक बुवानीवाला ने प्रदेश के बजट को नकारते हुए कहा कि बजट में आंकड़ों को सजाकर पेश किया गया है। धरातल पर इससे कोई खुशहाली नहीं आने वाली। लडख़ड़ाया हुआ यह बजट आखिर कैसे प्रदेश को विकास की पटरी पर लाएगा।
बुवानीवाला ने कहा कि बेरोजगारी, महंगाई, किसानों की कृषि में बढ़ती लागत, बेरोजगारी से परेशानी युवाओं का पलायन और छोटे व्यापारियों की समस्याओं की तरफ सरकार का कभी ध्यान ही नहीं रहा। मूलभूत सुविधाओं की तरफ सरकार ने ध्यान ना देकर अपनी बाजीगरी इस बजट में दिखाने का काम किया है। जिन मुद्दों पर सरकार को ध्यान देना चाहिए, वे मुद्दे हमेशा ही सरकार के बजट से बाहर रहते हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह से केंद्र सरकार ने हरियाणा को अपने बजट से बाहर ही रखा, ऐसे ही हरियाणा के अपने बजट में भी हरियाणा को सरकार ने दिशाहीन दिखाने का काम किया है। बेशक सरकार बजट पेश करके अपनी पीठ थपथपा रही हो, लेकिन प्रदेश की जनता इस बजट की चर्चा तक नहीं करनी चाहिए। क्योंकि बजट में ना तो गरीब व्यक्ति के लिए कुछ है, ना मध्यम के लिए कुछ है और ना ही लघु उद्योगों के लिए कोई राहत की बात है। एक दशक से अधिक समय से जिस तरह का दिशाहीन बजट भाजपा की सरकार पेश करती आ रही है, वैसा ही बजट 2026 में पेश किया गया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा का भिवानी अहम जिला है। सबसे पुराने उद्योग यहां पर हैं। ऐसे में उद्योगों के लिए कोई भी राहत भरी बात इस बजट में नजर नहीं आ रही। कर्ज में डूबे हरियाणा को सरकार कर्ज से उभारने के लिए कोई खास प्रयास नहीं कर रही। जनता से टैक्स बराबर वसूली जा रहा है। इसके बाद भी प्रदेश को कर्ज की दलदल में धकेलकर सरकार विकासशील होने के सपने दिखा रही है।
अशोक बुवानीवाला ने कहा कि प्रदेश सरकार 10.28 प्रतिशत बजट वृद्धि का दावा कर रही है। इस दावे ही हवा प्रदेश पर चढ़े कर्ज से ही निकल जाती है। उन्होंने का कि भिवानी ही नहीं, हरियाणा के अन्य जिलों को भी सरकार ने कुछ खास नहीं दिया है। गुडग़ांव हरियाणा में सबसे अधिक राजस्व देने वाला जिला है। वहां पर भी सरकार का ध्यान नहीं गया। वहां पर पर्यावरण प्रदूषण को लेकर वर्षों से सुधार के दावे किए जा रहे हैं। बरसात में हमेशा डूबने वाले गुडग़ांव की ड्रेनेज व्यवस्था को सरकार 10 साल से अधिक समय में नहीं सुधार पाई। विकास कार्यों में घटिया सामग्री के इस्तेमाल से कभी फ्लाईओवर तो कभी अंडरपास धंस रहे हैं। साल-साल भर फ्लाईओवर का लेंटर टूटा रहता है, लेकिन सरकार कोई कदम नहीं उठाती। ऐसे में सरकार से कौन से विकास की उम्मीद प्रदेश की जनता रखे। अशोक बुवानीवाला ने कहा कि प्रदेश की जनता अब उस दिन के इंतजार में है, जिस दिन भाजपा की सरकार को सत्ता से बाहर करके विकास की धुरी कांग्रेस को सत्ता में लाएगी।