सरायकेला: आदित्यपुर नगर निकाय चुनाव की मतदान तिथि नजदीक आते ही आदित्यपुर में चुनावी सरगर्मी चरम पर है। सभी प्रत्याशी पोस्टर, बैनर और जनसंपर्क के माध्यम से मतदाताओं तक पहुंचने की कोशिश में जुटे हैं। लेकिन वार्ड संख्या 4 में कुछ प्रत्याशियों द्वारा आचार संहिता के उल्लंघन का मामला चर्चा का विषय बन गया है।स्थानीय लोगों के अनुसार वार्ड संख्या 4 के प्रत्याशी शुभम कुमार पांडे (क्रम संख्या 10), ममता कुमारी (क्रम संख्या 7) और मनोज कुमार सिंह (क्रम संख्या 5) द्वारा प्रचार-प्रसार के लिए लगाए गए बैनर बिजली के तारों में बांधे गए हैं।चुनाव आयोग के स्पष्ट निर्देश हैं कि सार्वजनिक संपत्ति, विद्युत पोल या तारों का उपयोग प्रचार सामग्री लगाने के लिए नहीं किया जा सकता। इसके बावजूद खुलेआम नियमों की अनदेखी की जा रही है।चुनाव आचार संहिता लागू होने के बाद इस तरह की गतिविधियां न केवल नियमों का उल्लंघन हैं, बल्कि यह दुर्घटना को भी आमंत्रण दे सकती हैं।बिजली के तारों में बैनर बांधना सुरक्षा की दृष्टि से भी गंभीर खतरा माना जाता है।जिले में तीन-तीन आईएएस अधिकारियों की तैनाती के बावजूद यदि इस प्रकार की अनियमितताएं सामने आ रही हैं, तो प्रशासनिक सतर्कता पर सवाल उठना स्वाभाविक है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो अन्य प्रत्याशी भी नियमों को ताक पर रखकर प्रचार करने लगेंगे।अब देखना यह है कि जिला प्रशासन और चुनाव पदाधिकारी इस मामले में क्या संज्ञान लेते हैं। क्या आचार संहिता का उल्लंघन करने वाले प्रत्याशियों पर कार्रवाई होगी या यह मामला भी अन्य चुनावी शिकायतों की तरह ठंडे बस्ते में चला जाएगा?