logo

इंस्पेक्टर कार्यालय के पीछे मां-बेटी के शव बरामद, हत्या की आशंका

 

दुमका: झारखंड की उपराजधानी दुमका से एक रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है। नगर थाना क्षेत्र के व्यस्ततम वीर कुंवर सिंह चौक स्थित इंस्पेक्टर ऑफिस के पीछे एक महिला और उसकी मासूम बच्ची के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।स्थानीय लोगों ने आज सुबह पुलिस कार्यालय के पीछे झाड़ियों में दो शव देखे, जिसके बाद तुरंत नगर थाना पुलिस को सूचित किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि मृतका के कपड़े अस्त-व्यस्त थे, जबकि मासूम बच्ची की नाक से खून बह रहा था। प्रथम दृष्टया मामला गला दबाकर हत्या का प्रतीत हो रहा है। परिस्थितियों को देखते हुए स्थानीय लोगों में दुष्कर्म या दुष्कर्म के प्रयास के दौरान विरोध करने पर हत्या की आशंका जताई जा रही है।मृतक महिला की पहचान एक भिक्षुक के रूप में हुई है, जो अक्सर अपने बेटे के साथ शहर में घूमकर भीख मांगती थी। यह घटना शहर के सबसे सुरक्षित और संवेदनशील माने जाने वाले 'इंस्पेक्टर ऑफिस' के ठीक पीछे हुई है, जिसने पुलिसिया गश्त और सुरक्षा दावों की पोल खोल दी है। खासकर नगर निकाय चुनाव को लेकर शहर में बढ़ाई गई चौकसी के बीच इस दोहरे हत्याकांड ने प्रशासन के लिए गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शिनाख्त और सीसीटीवी फुटेज खंगालने की प्रक्रिया जारी है।

Raftaar Media | सच के साथ
TAGS
RELATED POSTS