स्वतंत्रता दिवस से महज दो दिन पहले उत्तरी कश्मीर के उरी सेक्टर में नियंत्रण रेखा (LoC) पर सुरक्षा बलों ने पाकिस्तान से हो रही घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया। इस दौरान हुई गोलीबारी में सेना का एक जवान शहीद हो गया, जबकि एक आतंकी मारा गया।
अधिकारियों के अनुसार, बुधवार को बारामूला जिले के उरी के चुरुंडा इलाके में सेना के जवानों ने संदिग्ध गतिविधियां देखते ही कार्रवाई की। मुठभेड़ में घुसपैठ कर रहे आतंकियों को रोक दिया गया। घटना के बाद इलाके में तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है।
इससे पहले मंगलवार को बीएसएफ कश्मीर फ्रंटियर के महानिरीक्षक अशोक यादव ने चेताया था कि पाकिस्तान लगातार आतंकियों को जम्मू-कश्मीर में घुसपैठ कराने की कोशिश कर रहा है। उत्तरी कश्मीर में एलओसी के पार लांचिंग पैड पर आतंकियों की गतिविधियां बढ़ी हैं।
बांदीपोर में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित 79 किलोमीटर लंबी साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाने के बाद पत्रकारों से बातचीत में आईजी यादव ने कहा,
"बीएसएफ और सेना संयुक्त रणनीति के तहत काम कर रही हैं। घुसपैठ की किसी भी कोशिश को विफल करने के लिए नियमित संयुक्त अभियान चलाए जा रहे हैं।"
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, इस समय उत्तरी कश्मीर में घुसपैठ की आशंका को देखते हुए एलओसी पर चौकसी और निगरानी को और बढ़ा दिया गया है।