logo

कांड्रा के डुरांग में युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, परिवार में मचा कोहराम

सरायकेला: कांड्रा थाना अंतर्गत डुरांग गांव में शनिवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां आरएमपी डॉक्टर गंगाधर महतो के 27 वर्षीय पुत्र प्रकाश महतो ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।घटना की जानकारी देते हुए डॉक्टर गंगाधर महतो ने बताया कि शाम करीब 6 बजे प्रकाश बाहर से घूमकर घर लौटा था। घर पहुंचते ही उसने अपनी मां से चाय पीने की इच्छा जताई, जिस पर उसकी मां ने चाय और बिस्कुट दिया। मां-बेटे ने साथ बैठकर चाय पी।इसके बाद प्रकाश अपने कमरे में चला गया।करीब 7 से 8 बजे के बीच जब उसकी मां कमरे में गई तो देखा कि प्रकाश फंदे के सहारे लटका हुआ है। यह देख वह घबरा गई और तुरंत घर के अन्य लोगों को बुलाया। परिजनों ने आनन-फानन में उसे नीचे उतारकर इलाज के लिए टाटा मेन अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।बताया गया कि प्रकाश महतो देहरादून स्थित देवभूमि यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रहा था और कुछ दिन पहले ही वह घर आया था। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।घटना की सूचना मिलने के बाद कांड्रा थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव में शोक का माहौल है।

Raftaar Media | सच के साथ
TAGS
RELATED POSTS