logo

चान्हो थाना क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसा, वरिष्ठ भाजपा नेता लवनाथ शाही का निधन

 

चान्हो। चान्हो थाना क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। रांची–डाल्टेनगंज मुख्य मार्ग (एनएच-39) पर पकरियो गांव के समीप हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में पकरियो गांव निवासी वरिष्ठ भाजपा नेता 70 वर्षीय लवनाथ शाही की मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार लवनाथ शाही दोपहर के समय चान्हो से ऑटो में सवार होकर अपने घर पकरियो लौट रहे थे। पकरियो पेट्रोल पंप के पास ऑटो से उतरने के दौरान जैसे ही उन्होंने एक पैर सड़क पर रखा, ऑटो अचानक आगे बढ़ गया। इससे उनका संतुलन बिगड़ गया और वे सड़क पर गिर पड़े। गिरने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल इलाज के लिए मांडर स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मृत्यु हो चुकी थी।

लवनाथ शाही के आकस्मिक निधन से चान्हो और मांडर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। चान्हो मंडल अध्यक्ष सालिक राम पाण्डेय, पूर्व मंडल अध्यक्ष विजय कुमार महतो, सतीश शाह, चंदन गुप्ता, अरविंद सिंह, बबलू गोप, पुरंजय महतो, रहमान अंसारी, मुकेश प्रसाद, राजनाथ सिंह और रामबालक ठाकुर सहित कई लोगों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकसंतप्त परिजनों को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है।

Raftaar Media | सच के साथ
TAGS
RELATED POSTS