रांची/डेस्क: – जैसे ही गर्मियों की तपिश बढ़ती है वैसे ही त्वचा से जुड़ी समस्याएं भी आम होने लगती हैं। तेज़ धूप और लू की मार त्वचा की रंगत को बिगाड़ सकती है। सबसे आम समस्या है सन टैन जो न केवल त्वचा को गहरा कर देता है बल्कि उसे रूखा बेजान और परतदार भी बना देता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि अत्यधिक धूप में रहने से त्वचा की नमी खो जाती है और हाइपरपिग्मेंटेशन जैसी समस्याएं पैदा हो सकती हैं। हालांकि टैनिंग समय के साथ कम हो जाती है लेकिन कई लोग इससे जल्दी छुटकारा पाने की चाहत रखते हैं। ऐसे में घरेलू नुस्खे बेहद कारगर साबित हो सकते हैं।
सन टैन हटाने के लिए 6 असरदार घरेलू उपाय:
दही और टमाटर का पेस्ट
टमाटर के एंटीऑक्सीडेंट और दही के लैक्टिक एसिड के मेल से त्वचा को नमी और चमक दोनों मिलती है। यह मिश्रण टैन हटाने में मदद करता है।
नींबू और शहद का मास्क
नींबू एक प्राकृतिक ब्लीचिंग एजेंट है जबकि शहद त्वचा की नमी बनाए रखता है। यह मिश्रण त्वचा को हल्का करने में प्रभावी है।
बेसन और हल्दी का उबटन
सदियों पुराना यह उपाय टैन हटाने के साथ-साथ त्वचा की रंगत निखारने में भी मदद करता है। गुलाब जल या दूध मिलाकर इसका पेस्ट बनाएं और लगाएं।
दूध और चावल के आटे का फेस पैक
चावल का आटा त्वचा को एक्सफोलिएट करता है और दूध उसमें नमी जोड़ता है। इस पैक से त्वचा साफ और चमकदार बनती है।
केसर और दूध का उपचार
रातभर भीगे केसर और दूध का यह मिश्रण त्वचा में निखार लाने और टैन को हल्का करने के लिए जाना जाता है।
चंदन और गुलाब जल का लेप
चंदन ठंडक प्रदान करता है और गुलाब जल त्वचा को तरोताजा करता है। यह मिश्रण त्वचा को आराम देने और उसकी रंगत को निखारने में सहायक है।