चोरी के शक पर मचा खूनी बवाल: सुधेड़ में नाबालिग ने पिता को गोलियों से किया छलनी
धर्मशाला (हिमाचल प्रदेश) के नजदीक सुधेड़ गांव में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां नाबालिग बेटे ने अपने ही पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। चोरी के आरोप में डांट खाने के बाद गुस्से में आए आरोपी ने घर के बरामदे में लाइसेंसी सिंगल बैरल बंदूक से नज़दीक से गोली दाग दी, जिससे पिता की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद उसने खोपड़ी के चिथड़ों को डिब्बे में समेटा, शव को कमरे में घसीटकर रखा और घर से गहने व नकदी लेकर बाइक से फरार हो गया। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी को पंजाब के गुरदासपुर से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक कांगड़ा अशोक रत्न के अनुसार, वारदात दोपहर 12 से 1 बजे के बीच हुई। आरोपी ने घटना के बाद बाइक की नंबर प्लेट से छेड़छाड़ की थी, ताकि पहचान न हो सके। मृतक विनीत और उसकी पत्नी में काफी समय से अनबन थी और दोनों अलग-अलग रह रहे थे। बड़ा बेटा (आरोपी) पिता के साथ सुधेड़ में जबकि छोटा बेटा मां के साथ गुरदासपुर में रहता था। हत्या के बाद बेटे के लापता होने और मोबाइल बंद रहने से पुलिस को शक हुआ। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए और तकनीकी जांच में गोली चलने की पुष्टि हुई। बंदूक पुलिस ने बरामद कर ली है और मामले में आगे की जांच जारी है।
Raftaar Media | सच के साथ