छक्के भी मारे संस्कार भी दिखाए... जीत के बाद वैभव सूर्यवंशी ने धोनी के पैर छूकर जीता सबका दिल
रांची/डेस्क: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 का 62वां मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला गया जो खेल के साथ-साथ भावनात्मक क्षणों के लिए भी यादगार बन गया। इस मैच में राजस्थान रॉयल्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को 6 विकेट से हराया लेकिन असली चर्चा में रहा 14 साल का युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी जिसने न सिर्फ ताबड़तोड़ बल्लेबाज़ी की बल्कि मैच के बाद महेंद्र सिंह धोनी के पैर छूकर सभी का दिल जीत लिया।
मैच का हाल
चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए राजस्थान को 188 रनों का लक्ष्य दिया। जवाब में राजस्थान की टीम ने शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए यह मुकाबला 18वें ओवर में ही जीत लिया। राजस्थान की इस जीत के नायक रहे वैभव सूर्यवंशी जिन्होंने 57 रनों की आतिशी पारी खेली। वैभव ने अपनी पारी में 4 चौके और 4 गगनचुंबी छक्के लगाए और अश्विन-जडेजा जैसे दिग्गज गेंदबाजों पर आक्रामक अंदाज़ में रन बनाए।
धोनी से मिलकर भावुक हुआ वैभव
मैच खत्म होने के बाद का एक पल सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है जिसमें वैभव सूर्यवंशी एमएस धोनी के पास जाकर उनके पैर छूते हुए नजर आते हैं। यह दृश्य न केवल दर्शकों को भावुक कर गया बल्कि क्रिकेट की संस्कृति और गुरु-शिष्य परंपरा की भी झलक दिखा गया। तस्वीर में धोनी और वैभव के बीच बातचीत होती भी नजर आई जिससे यह स्पष्ट है कि धोनी ने भी इस युवा प्रतिभा को प्रोत्साहित किया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीर
वैभव द्वारा धोनी के पैर छूने की यह तस्वीर देखते ही देखते वायरल हो गई। फैंस ने इसे क्रिकेट की असली भावना एक लीजेंड और एक उभरते सितारे का मिलन जैसी टिप्पणियों से नवाजा। कई लोगों ने इसे क्रिकेट के भावनात्मक और प्रेरणादायक पक्ष की मिसाल बताया।
राजस्थान का आखिरी मैच वैभव की चमक
यह मैच राजस्थान रॉयल्स का इस सीजन का आखिरी मुकाबला था। टीम का प्रदर्शन भले ही औसत रहा हो लेकिन वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल जैसे खिलाड़ियों ने सीजन को यादगार बना दिया। वैभव इस सीजन में एक शतक भी लगा चुके हैं और उनका भविष्य उज्ज्वल नजर आ रहा है।
Raftaar Media | सच के साथ