रांची। झारखंड में रविवार को मौसम का मिजाज बदलता रहा। सुबह से दोपहर तक हल्के बादलों और खिली धूप के बीच मौसम साफ रहा। बारिश न होने से लोगों ने राहत महसूस की और घरों के कपड़े धूप में सुखाए। हालांकि, शाम को अचानक तापमान बढ़ा और गर्म हवाएं चलने लगीं, जिससे उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान कर दिया।

थोड़ी देर बाद हल्की बूंदाबांदी शुरू हुई, जो चंद मिनटों में तेज बौछारों में बदल गई। करीब एक घंटे की तेज बारिश से उमस से राहत मिली, लेकिन कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया। कुछ स्थानों पर घरों और दुकानों में पानी घुस गया, जिससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

आने वाले दिनों का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में 13 अगस्त से निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय होगा। इसका असर झारखंड के ज्यादातर हिस्सों में देखने को मिलेगा। 11 और 12 अगस्त को कई जिलों में गरज के साथ बारिश की संभावना है। 13 और 14 अगस्त को पूरे राज्य में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 15 और 16 अगस्त को भी बारिश जारी रहेगी और कुछ स्थानों पर 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है।