बिरनी/गिरिडीह: बिरनी प्रखंड के दलांगी, लेबरा और बंगराकला से बाराटांड़ तक रामनवमी झंडा जुलूस निकालने के पारंपरिक मार्ग को लेकर चल रहे विवाद का मामला गुरुवार को झारखंड विधानसभा के शून्यकाल में उठाया गया।
इस संबंध में बगोदर विधायक सह सचेतक नागेन्द्र महतो ने सदन में सरकार का ध्यान आकृष्ट करते हुए कहा कि उक्त मार्ग वर्षों से रामनवमी झंडा जुलूस का पारंपरिक रास्ता रहा है, लेकिन हाल के दिनों में कुछ तत्वों द्वारा इस पर आपत्ति जताते हुए अवरोध उत्पन्न किया जा रहा है।
उन्होंने सरकार से मांग की कि पारंपरिक मार्ग पर किसी भी प्रकार की दबंगई को तत्काल रोका जाए और प्रशासन को निर्देश दिया जाए कि रामनवमी झंडा जुलूस शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में निकालने की अनुमति सुनिश्चित करे। विधायक ने कहा कि पर्व-त्योहार सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे के प्रतीक होते हैं, ऐसे में किसी भी प्रकार का विवाद क्षेत्र की शांति व्यवस्था के लिए उचित नहीं है।
उन्होंने प्रशासन से संवेदनशीलता और सतर्कता बरतते हुए दोनों पक्षों से वार्ता कर समाधान निकालने की अपील की, ताकि क्षेत्र में शांति और सद्भाव बना रहे।इस मुद्दे के विधानसभा में उठने के बाद स्थानीय लोगों की निगाहें अब प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।