ह्यूस्टन/टेक्सास - अमेरिका (America) के दक्षिण-मध्य क्षेत्र में स्थित टेक्सास (Texas) राज्य के केर काउंटी में भारी बारिश के कारण आई भीषण फ्लैश फ्लड ने तबाही मचा दी है। अब तक इस प्राकृतिक आपदा में 50 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि दर्जनों लोग घायल हैं। अधिकारियों ने बताया कि कई लोग अभी भी लापता हैं, जिनमें एक ईसाई समर कैंप (Christian Summer Camps) की 27 बच्चियां भी शामिल हैं।
बाढ़ से बर्बादी का मंजर
टेक्सास की ग्वाडालूप नदी (Guadalupe River) में आई बाढ़ से जलस्तर एकाएक 26 फीट तक बढ़ गया, जिससे 8 मीटर ऊंची लहरों ने आसपास के रिहायशी इलाकों को अपनी चपेट में ले लिया। नदी के तेज बहाव में कई घर और वाहन बह गए। फ्लैश फ्लड के चलते सैकड़ों पेड़ उखड़ गए, कई इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं और सड़कों पर गाढ़ी कीचड़ जमा हो गई है।
‘कैंप मिस्टिक’ की बच्चियां लापता
आपदा के समय इलाके में एक ईसाई समर कैंप 'कैंप मिस्टिक' का आयोजन चल रहा था, जिसमें कई किशोर लड़कियों ने भाग लिया था। रिपोर्ट के अनुसार, इस आयोजन में शामिल कम से कम 27 बच्चियां बाढ़ के बाद से लापता हैं। इनकी खोज के लिए विशेष तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
जोरशोर से जारी रेस्क्यू ऑपरेशन
स्थानीय प्रशासन ने हेलीकॉप्टर, ड्रोन और नावों की मदद से व्यापक स्तर पर बचाव और राहत कार्य शुरू कर दिया है। अब तक 850 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है। कई लोगों को पेड़ों और ऊंचे टापुओं से बचाया गया है। कीचड़ से भरे इलाके राहत कार्यों में सबसे बड़ी चुनौती बन गए हैं।
'सदी में एक बार' की बाढ़: सांसद
अमेरिकी सांसद चिप रॉय ने इस घटना को "सदी में एक बार आने वाली आपदा" करार दिया है। उन्होंने कहा कि इस तरह की बाढ़ ने पहले कभी भी इस इलाके में इतनी भयानक तबाही नहीं मचाई थी। उन्होंने बचाव दलों और स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना की और केंद्र सरकार से आपदा राहत सहायता बढ़ाने की मांग की।
मौसम का कहर अभी जारी
फिलहाल मौसम विभाग ने और बारिश की चेतावनी जारी की है। सैन एंटोनियो और आसपास के इलाकों में भी फ्लैश फ्लड जैसी स्थिति बनी हुई है, जिससे प्रशासन और नागरिकों की चिंता और बढ़ गई है।