डकरा कांटाघर के समीप टीएसपीसी की हवाई फायरिंग, कोयला लिफ्टरों में दहशत
डकरा/खलारी से पवन गुप्ता
नक्सली संगठन टीएसपीसी द्वारा एक बार फिर दहशत फैलाने की कोशिश की गई है। शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे के आसपास डकरा कांटाघर के समीप तीन राउंड हवाई फायरिंग की गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कोयला लिफ्टरों में भय का माहौल व्याप्त हो गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, दो बाइक पर सवार चार अज्ञात लोग कांटाघर के पास पहुंचे और अचानक हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। जाते-जाते अपराधियों ने एक पर्चा भी मौके पर छोड़ दिया, जिसमें संगठन की ओर से लेवी से संबंधित धमकी होने की बात बताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, टीएसपीसी द्वारा कोयला लिफ्टरों को लेवी को लेकर लगातार धमकियां दी जा रही थीं।घटना की सूचना मिलते ही खलारी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है। पूरे क्षेत्र में सघन छापेमारी और वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है।इस घटना के बाद डकरा और आसपास के इलाकों में काम कर रहे कोयला लिफ्टरों में भारी दहशत है। वहीं पुलिस का कहना है कि अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया गया है।
Raftaar Media | सच के साथ