नेमरा (रामगढ़)। दिशोम गुरु और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के श्राद्धकर्म का आयोजन पारंपरिक विधि-विधान के साथ जारी है। सोमवार को 7वें दिन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने परिजनों के साथ सभी रस्में निभाईं। मंगलवार को 8वें और बुधवार को 9वें दिन का अनुष्ठान होगा। दशकर्म 15 अगस्त को और 11वां संस्कार 16 अगस्त को संपन्न होगा, इसी दिन विशाल श्राद्ध भोज का आयोजन किया जाएगा।
गांव के मुखिया जीतलाल टुडू ने बताया कि इस अवसर पर लगभग 5 लाख लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई है। चार बड़े पंडाल लगाए गए हैं, जिनके पास ही अस्थायी रसोईघर बनाए गए हैं। विशेष अतिथियों के लिए गुरुजी के घर की बाड़ी में अलग से भोजन की तैयारी होगी। व्यंजनों में गुरुजी का पसंदीदा साग भी शामिल किया गया है।
आवागमन और सुरक्षा के लिए लुकैयाटांड से लेकर विभिन्न स्थलों तक पार्किंग की व्यवस्था की गई है। लुकैयाटांड में तीन हेलीपैड और पैतृक आवास के सामने एक हेलीपैड तैयार किया गया है। गांव के भीतर बिजली, साफ-सफाई और तालाब के पास स्नान के लिए शॉवर जैसी सुविधाएं भी सुनिश्चित की गई हैं।
श्राद्धकर्म की सभी तैयारियों पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन स्वयं निगरानी रख रहे हैं और संताल समाज के प्रतिनिधियों के साथ मिलकर पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन सुनिश्चित कर रहे हैं।